Site icon CJP

नफ़रत कैसे शुरू होती है — और हम मिलकर इसे कैसे रोक सकते हैं

प्रतिदिन के पूर्वाग्रह और गलत जानकारियों से लेकर संगठित हिंसा तक, नफरत एक व्यवस्थित तरीके से बढ़ती है। इस घटनाक्रम को समझना ही इसका मुकाबला करने की दिशा में पहला कदम है – यानी एकजुटता, तर्क और सामूहिक कार्रवाई के जरिए।

नफरत रातोंरात पैदा नहीं होती। इसकी शुरुआत चुपचाप होती है- यानी रोजमर्रा के पूर्वाग्रहों, रूढ़ियों, असंवेदनशील टिप्पणियों, अलगाववादी भाषा और भिन्नता के डर से। अगर इन पूर्वाग्रहों को रोका न जाए, तो ये भेदभाव, हिंसा और अंततः पूरे समुदायों को निशाना बनाने में बदल जाते हैं। यह संसाधन “नफरत के पिरामिड” का विश्लेषण करता है, यह दर्शाता है कि कैसे नफरत भरे बयान और गलत सूचनाएं समाज में विभाजन को बढ़ावा देती हैं और शत्रुता को सामान्य बना देती हैं। यह इस बात का भी जिक्र करता है कि आम नागरिक सामूहिक रूप से कैसे इसका मुकाबला कर सकते हैं- आवाज उठाकर, समुदायों के बीच विश्वास बनाकर और मोहल्ला समितियों जैसी पहलों को मजबूत करके, जो अफवाहों को रोकने, नफरत का मुकाबला करने और मोहल्ले के स्तर पर शांति बनाए रखने के लिए काम करती हैं।

नफरत अक्सर देखने में छोटे लगने वाले पूर्वाग्रहों और पक्षपातों से शुरू होती है – यानी किसी को उसकी बनावट, तौर-तरीकों, या उसके पूजा करने के तरीके के आधार पर आंकना। फिर भी, इन रवैयों में पूरे समाज को अपनी चपेट में लेने की क्षमता होती है। तीस्ता सेतलवाड़ कहती हैं, “ये ही पक्षपाती रवैये – रूढ़िवादिता, असंवेदनशील टिप्पणियां, अलग होने का डर, गैर-समावेशी भाषा, बड़े पैमाने पर होने वाले आक्रामक व्यवहार और अपनी जैसी सोच वाले लोगों को ढूंढकर अपने पूर्वाग्रहों को सही ठहराने की प्रवृत्ति – अंततः नफरत का रूप ले लेते हैं।” यह पक्षपाती मानसिकता ‘नफरत के पिरामिड’ (Pyramid of Hate) का पहला चरण बनाती है।

अगले चरण में पूर्वाग्रह से भरे कार्य शामिल होते हैं, जिनमें नाम लेकर चिढ़ाना, सामाजिक बहिष्कार करना और अपमानजनक मज़ाकों तथा रोजमर्रा के अपमान के जरिए कुछ खास समुदायों को निशाना बनाना शामिल है। तीसरा चरण भेदभाव का है, जहां समुदायों को नस्ल, यौन रुझान, जाति, वर्ग, धर्म और अन्य पहचानों के आधार पर आवास, रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में उत्पीड़न, धमकाने और बहिष्कार का सामना करना पड़ता है।

‘नफरत के पिरामिड’ का चौथा चरण हिंसा है – इसमें जान-बूझकर किए गए नफरती अपराध शामिल हैं, जैसे धमकियां देना, हमला करना, मारपीट, हत्या और आतंकवाद। हाल ही में एक सोशल मीडिया लाइव सेशन में, सेतलवाड़ ने बताया कि भारत पहले ही इस चौथे चरण में प्रवेश कर चुका है; ऐसे में बहुसंख्यक समुदाय के लिए यह बेहद जरूरी हो गया है कि वह संस्थागत नफरत को लेकर अपनी चुप्पी तोड़े।

पांचवां और अंतिम चरण है नरसंहार: किसी समुदाय को जान-बूझकर और सुनियोजित तरीके से पूरी तरह से खत्म कर देना।

गलत जानकारी और नफरत भरे बयान

गलत जानकारी और नफरत भरे बयान, लोगों को गुमराह करने, आपसी मतभेद बढ़ाने और समाज में अफरा-तफरी मचाने के दो शक्तिशाली हथियार हैं।

 

आइए, मिलकर नफरत का मुकाबला करें

हमें क्या करना चाहिए? क्या हमें हाथ पर हाथ धरे बैठे रहना चाहिए और यह देखते रहना चाहिए कि नफरत हमारी जिंदगी पर हावी हो जाए? जब तलवारें और त्रिशूल कानून के राज की जगह ले लें और तर्कसंगत बातों को खामोश कर दें? क्या हम अपने आस-पास लोगों की जान और माल की बेतहाशा तबाही को चुपचाप स्वीकार कर लें और बस आंखें फेर लें?

या फिर हम आगे बढ़ें – मजबूती से और एकजुट होकर? हम नफरत को पहचान सकते हैं और उसे वहीं रोक सकते हैं। हम अपने मोहल्लों, हाउसिंग सोसायटियों और बस्तियों, अपने पेशे और काम की जगहों पर एकजुट हो सकते हैं। हम समझदारी की बुलंद आवाज बन सकते हैं, जो हमारे आस-पास मंडरा रहे हिंसा के बादलों को दूर करने में सक्षम हो।

 

मोहल्ला समिति क्या है?

आज हमें पहले से कहीं ज्यादा ‘कम्युनिटी पुलिसिंग’ (सामुदायिक निगरानी) के विचार को फिर से जिंदा करने की जरूरत है – एक ऐसी व्यवस्था जो पुलिस और जनता के बीच भरोसे पर आधारित रिश्ते को बढ़ावा दे। अफवाहों को रोकने, नफरत फैलाने वाले दुष्प्रचार का मुकाबला करने और हिंसा को रोकने में मोहल्ला समितियां अहम भूमिका निभा सकती हैं। लेकिन हम यह कैसे करेंगे?

मोहल्ला समितियां मिली-जुली समुदायों के ऐसे समूह होते हैं जिनमें आस-पड़ोस के निवासी – खासकर महिलाएं – और साथ ही एक पुलिस थाना क्षेत्र के भीतर अलग-अलग पेशों और इलाकों से जुड़े नागरिक समाज के सदस्य शामिल होते हैं। ये सदस्य पुलिस और प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में रहते हैं ताकि किसी भी तरह के टकराव को रोकने में मदद मिल सके। जब भी अफवाहें फैलने लगती हैं या तनाव बढ़ने लगता है, तो समिति के सदस्य एक साथ आते हैं और पुलिस तथा प्रशासन पर नैतिक दबाव डालते हैं कि वे समय रहते कार्रवाई करें और हिंसा को रोकें।

 

चित्रांकन: इटा मेहरोत्रा, सिटिज़न्स फॉर जस्टिस एंड पीस (CJP) के लिए